कोटालपोखर/पाकुड़:कोटालपोखर स्थित संत जेवियर्स स्कूल में रविवार को आयोजित मैराथन दौड़ केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं रही, बल्कि यह समाज को ‘सेफ ड्राइव, सेव लाइफ, सेव अर्थ’ का मजबूत संदेश देने वाला जनजागरूकता अभियान बन गई। विद्यार्थियों ने दौड़ के हर कदम के साथ सड़क सुरक्षा, जीवन की रक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि थाना प्रभारी पवन कुमार एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर डॉ. स्टीफन राज ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर सहायक अवर निरीक्षक हेमंत कुमार सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं भावी शिक्षक भी उपस्थित रहे।
मैराथन का मार्ग मयूरकोला मैदान से विद्यालय परिसर तक निर्धारित किया गया था। पूरे मार्ग पर पुलिस प्रशासन, शिक्षकों और स्वयंसेवकों की विशेष तैनाती की गई थी, जिससे प्रतिभागियों की सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। यह आयोजन विद्यार्थियों में शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भी बोध कराने वाला साबित हुआ।
प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर वर्ग के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया। पुरुष वर्ग में समीर किस्कु ने प्रथम, सलमान खुर्शीद ने द्वितीय तथा रौजान खुर्शीद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में मिनी बेसरा प्रथम, गौरी मुर्मू द्वितीय और प्रिया हेम्ब्रम तृतीय स्थान पर रहीं।
पूरे आयोजन का सफल संचालन विवेक थामी, तुषार कांति और आलोक क्रिस्टोफर सोरेन ने समन्वयक के रूप में किया। प्रधानाचार्य फादर डॉ. स्टीफन राज ने कहा, “यह केवल दौड़ नहीं, बल्कि अनुशासित जीवन की शुरुआत और हर कदम पर सुरक्षा के महत्व को समझाने का प्रयास है।” वहीं थाना प्रभारी पवन कुमार ने विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस मैराथन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि यदि युवा सड़क पर अनुशासन, जीवन के प्रति सम्मान और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का संकल्प लें, तो समाज अधिक सुरक्षित और भविष्य बेहतर बन सकता है।