पाकुड़ संवाददाता:
जिले में अधिक से अधिक वाहन चालकों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस से जोड़ने तथा लाइसेंस निर्माण प्रक्रिया को सरल, सुगम एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय, पाकुड़ द्वारा प्रखंड एवं अंचल स्तर पर लगातार नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति (लर्नर लाइसेंस) शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा के निर्देश तथा उपायुक्त मेघा भारद्वाज के मार्गदर्शन में हिरणपुर अंचल में दो दिवसीय लर्नर लाइसेंस शिविर का सफल आयोजन किया गया।
58 आवेदन प्राप्त, सड़क सुरक्षा नियमों व सरकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
शिविर के दूसरे एवं अंतिम दिन बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर आवेदन किया। दूसरे दिन कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से पात्र 45 आवेदकों को अंचल अधिकारी मनोज कुमार के हाथों नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति प्रदान की गई।
शिविर में उपस्थित नागरिकों से अपील की गई कि वे आगामी प्रखंड एवं अंचल स्तरीय शिविरों में भाग लेकर इस सुविधा का लाभ उठाएं और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। जिला परिवहन कार्यालय ने भरोसा दिलाया कि नागरिकों को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग सदैव तत्पर है।
कार्यक्रम के दौरान वाहन चालकों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें वैध लाइसेंस के साथ वाहन चलाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया में सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।
इसके साथ ही हिट एंड रन दुर्घटनाओं में मिलने वाले मुआवजे, कैशलैस उपचार योजना, गुड सेमेरिटन योजना, राहवीर योजना एवं आपदा प्रबंधन के अंतर्गत मिलने वाली विभिन्न सहायता योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
जिला परिवहन कार्यालय ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे आगामी शिविरों में पहुंचकर अपना ड्राइविंग लाइसेंस बनवाएं और सुरक्षित व अनुशासित यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।
शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी टुडू दिलीप, अंचल अधिकारी मनोज कुमार, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह, वरीय प्रधान लिपिक बरियार हेंब्रम सहित कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।