लातेहार, 8 जुलाई 2026।
जिला परिषद लातेहार की उपाध्यक्ष अनीता देवी ने झारखंड प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह की प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी, बरडीहा (गढ़वा) के पद पर की गई पदस्थापना पर राज्य सरकार से पुनर्विचार करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि प्रवीण कुमार सिंह एसडीएम रैंक के अधिकारी हैं, जबकि उनकी नियुक्ति बीडीओ-सह-सीओ जैसे अपेक्षाकृत कनिष्ठ पद पर की गई है। यह निर्णय सेवा नियमों और पदानुक्रम की भावना के अनुरूप नहीं प्रतीत होता। सरकार को इस विषय पर गंभीरता से विचार करना चाहिए, ताकि अधिकारियों का मनोबल बना रहे और उनकी योग्यता व वरिष्ठता के अनुरूप दायित्व सौंपे जा सकें।
अनीता देवी ने आगे कहा कि इस निर्णय के बावजूद प्रवीण कुमार सिंह ने अपने सोशल मीडिया संदेश के माध्यम से सकारात्मक सोच और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है, जो सराहनीय है। अपने संदेश में उन्होंने कहा है, “पदस्थापन भले ही मेरी अपेक्षाओं से भिन्न हो, लेकिन सरकार के निर्देशों के आलोक में मैं बीडीओ-सह-सीओ, बरडीहा के रूप में पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करूंगा। बरडीहा की जनता की सेवा और क्षेत्र का विकास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।”
उन्होंने प्रवीण कुमार सिंह को कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और जनहित के प्रति समर्पित अधिकारी बताते हुए कहा कि उन्होंने पूर्व में भी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ किया है। उन्हें विश्वास है कि बरडीहा में भी वे अपनी कार्यशैली से विकास और सुशासन की नई मिसाल कायम करेंगे।
अंत में अनीता देवी ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि प्रशासनिक अधिकारियों की पदस्थापना उनकी वरिष्ठता, अनुभव और सेवा नियमों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सके।