मनिका (लातेहार) से संतोष प्रसाद की रिपोर्ट,
मनिका प्रखंड के डोंकी पंचायत में विभिन्न सरकारी योजनाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस बीच युवा कांग्रेस के जिला महासचिव मिथिलेश पासवान ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) मनिका और उपायुक्त लातेहार से अपील की है कि योजनाओं में हुई गड़बड़ियों की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पासवान ने कहा कि उन्हें यह मामला समाचार माध्यमों के जरिए संज्ञान में आया है, जिसमें आरोप है कि बिना कार्य कराए ही योजनाओं के नाम पर राशि की निकासी की गई है। यदि यह सत्य पाया जाता है तो संबंधित राशि की वसूली भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
मुखिया और परिजनों पर भी उठे सवाल
सूत्रों के अनुसार, पंचायत के मुखिया एवं उनके परिवार के सदस्यों द्वारा ही कई योजनाओं का लाभ लिए जाने की बात सामने आ रही है। इनमें डोंकी गांव में सूकर शेड निर्माण, सिरीस गांव में सिंचाई कूप निर्माण, मुर्गी शेड निर्माण तथा आम बागवानी जैसी योजनाएं शामिल हैं।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मिथिलेश पासवान ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी आम जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। यदि वही लोग अपने पद का उपयोग निजी लाभ के लिए करेंगे, तो आम लोगों का हक प्रभावित होगा। उन्होंने मांग की कि मुखिया और उनके परिवार से जुड़े सभी कार्यों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि अनियमितता पाई जाती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
पत्रकारों को धमकी देने की घटना निंदनीय
मामले को उजागर करने वाले पत्रकारों को कथित तौर पर रंगदारी और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है। इस पर पासवान ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और उनका कार्य सच्चाई को सामने लाना है।
उन्होंने कहा कि यदि पत्रकारों को इस तरह धमकाकर दबाने की कोशिश की जाएगी, तो पारदर्शिता और सत्य सामने नहीं आ पाएगा। यह लोकतंत्र के लिए चिंताजनक स्थिति है।
अंत में उन्होंने लातेहार के पुलिस अधीक्षक से मांग की कि पत्रकारों को धमकी देने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।