पाकुड़ प्रखंड कार्यालय परिसर के डीजी रूम में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने समय रहते पाया काबू

पाकुड़ संवाददाता: पाकुड़ प्रखंड एवं अंचल कार्यालय परिसर के बाहर स्थित डीजी (जनरेटर) रूम में शनिवार देर शाम अचानक आग लग गई। आग लगते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन फायर ब्रिगेड की तत्परता से समय रहते स्थिति नियंत्रित कर ली गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सूत्रों के मुताबिक, डीजी (जनरेटर) में पिछले करीब एक महीने से तकनीकी खराबी थी और उसमें बार-बार चिंगारी उठने की शिकायत मिल रही थी। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि इसी तकनीकी खराबी के कारण आग लगी।

घटना के बाद प्रशासन ने मामले की जानकारी लेते हुए आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने जनरेटर की नियमित जांच, समय पर मरम्मत और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
![]()




