हत्या के विरोध में दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग
तेनुघाट (बोकारो), 1 जुलाई
तेनुघाट स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में बुधवार को गिरिडीह में पदस्थापित दिवंगत सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की स्मृति में शोक सभा आयोजित की गई। शोक सभा का नेतृत्व सब-रजिस्ट्रार रितु रंजन कुमार ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए रितु रंजन कुमार ने कहा कि बालेश्वर पटेल की हत्या अत्यंत दुखद और निंदनीय है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और उन्हें सख्त सजा दिलाने की मांग की।
उन्होंने बताया कि रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र में भूमि विवाद के दौरान बालेश्वर पटेल पर हमला किया गया था, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाद में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
शोक सभा में उपस्थित अधिवक्ताओं, डीड राइटरों एवं कार्यालय कर्मियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान विभा कुमारी सिन्हा, पंकज कुमार, धर्मेंद्र कुमार, सूरज कुमार, रणधीर सिन्हा, धरनी सिन्हा, पंकज पाठक, योगेश नंदन प्रसाद, महेश ठाकुर, उज्जवल कुमार सिन्हा एवं चंदन ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद थे।