तेनुघाट स्थित व्यवहार न्यायालय परिसर में 27 जून को मासिक लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए अनुमंडल विधिक सेवा प्राधिकार समिति की सचिव सह एसडीजेएम रश्मि अग्रवाल ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय, झारखंड उच्च न्यायालय एवं जिला जज बोकारो के निर्देशानुसार इस लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है।
मासिक लोक अदालत के सफल संचालन के लिए कुल तीन बेंच का गठन किया गया है। प्रथम बेंच में कुटुंब न्यायालय के न्यायाधीश प्रेम नाथ पाण्डेय एवं अधिवक्ता प्रशांत पाल शामिल रहेंगे। दूसरे बेंच में जिला जज द्वितीय सूर्य मणि त्रिपाठी के साथ अधिवक्ता सुजीत कुमार जयसवाल मौजूद रहेंगे।
वहीं तीसरे बेंच में प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी राज कुमार पांडेय एवं अधिवक्ता नीरज कुमार उपस्थित रहेंगे। इन बेंचों के माध्यम से विभिन्न लंबित मामलों के त्वरित एवं आपसी सहमति से निष्पादन का प्रयास किया जाएगा।
प्राधिकार समिति की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे अपने मामलों के शीघ्र समाधान के लिए लोक अदालत का लाभ उठाएं। लोक अदालत के माध्यम से विवादों का निपटारा सरल, सुलभ और कम समय में संभव होता है।