महुआडांड़ (लातेहार) — महुआडांड़ थाना क्षेत्र में ग्राम प्रधान से लूट के चर्चित मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह मामला महुआडांड़ थाना कांड संख्या- 32/26, दिनांक 18 जून 2026 से संबंधित है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में हकीम अंसारी (19 वर्ष), कासिफ अंसारी उर्फ बलन (22 वर्ष), कमर अंसारी उर्फ काना राजा (नाबालिग, 16 वर्ष) एवं ईमरान अहमद उर्फ राजू (38 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी अम्बवाटोली, थाना महुआडांड़, जिला लातेहार के निवासी बताए जाते हैं। गिरफ्तारी के बाद सभी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से वयस्क आरोपियों को मंडल कारा लातेहार तथा नाबालिग को संप्रेक्षण गृह पलामू भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन, ग्राम प्रधान का पहचान पत्र (ID कार्ड), आधार कार्ड, पोस्ट कार्ड, नगद राशि तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महुआडांड़ के नेतृत्व में थाना प्रभारी, पुलिस अवर निरीक्षक बंधन तिर्की, अरविंद हेरेंज, सहायक अवर निरीक्षक चंद्रशेखर दुबे, नागेश्वर महतो एवं महुआडांड़ थाना के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।