मुफ्त में गहने साफ करने का दिया था झांसा।
पाकुड़ संवाददाता।पाकुड़ में गहने साफ करने के बहाने ठगी: ग्रामीणों की मदद से दो ठग गिरफ्तार, मुफ्त में गहने साफ करने का दिया था झांसा
पुलिस निरीक्षक मदन शर्मा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति एक मोटरसाइकिल पर महेशपुर थाना क्षेत्र में घूम-घूमकर खुद को कंपनी वाला बताकर मुफ्त में सोना-चांदी के गहने साफ कर रहे हैं, जो ठग प्रतीत होते हैं। इस सूचना के सत्यापन के लिए एक छापेमारी टीम का गठन किया गया।
छापेमारी टीम में महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक अजय कुमार महतो, मनोज कुमार महतो, अजय कुमार उपाध्याय और सहायक अवर निरीक्षक काली प्रसाद शाह शामिल थे। टीम ने ठगों के बारे में जानकारी जुटाई और थाना क्षेत्र के लखीमपुर पश्चिम टोला पहुंचकर ग्रामीणों के सहयोग से दोनों ठगों को गिरफ्तार कर लिया।
चोरी की गई चांदी की अंगूठी और सोने की नथुनी बरामद
गिरफ्तार किए गए ठगों की पहचान बिहार के भागलपुर जिले के एकडरा निवासी सुभाष कुमार और खगड़िया जिले के महेशखुट थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी सुमित कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। उनके पास से चोरी की गई चांदी की अंगूठी और सोने की नथुनी बरामद हुई है। इसके अलावा, एक काले रंग का अमेरिकन टूरिस्ट बैग भी मिला, जिसमें गहने साफ करने का पाउडर, कुछ केमिकल और अन्य सामान थे।
इंस्पेक्टर ने बताया कि लखीमपुर निवासी सजेनारा बीवी की लिखित शिकायत के आधार पर थाना में कांड संख्या 80/2026 दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। दोनों ठग वादिनी सजेनारा बीवी के घर पहुंचे थे और मुफ्त में गहने साफ करने का झांसा देकर उनके गहने लेकर फरार होने की कोशिश कर रहे थे, तभी पुलिस की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया। गिरफ्तार दोनों ठगों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
फ्री में गहना साफ करने की बात कही
महिला ने थाने में दिए अपने शिकायत में उल्लेख किया है कि दो युवक मोटरसाइकिल से आए और फ्री में गहना साफ करने की बात कही और उनके पास रखे स्टील के बर्तन को साफ करके दिखाया और उनके झांसे में आकर मैंने अपने सोने का नथनी और चांदी का अंगूठी जो पहनी हुई थी, उसे खोलकर दोनों को दे दी।
वहीं, दोनों ने अंगूठी और सोने की नथनी को साफ करने के बाद एक सफेद पाउडर के अंदर प्लास्टिक में सोने की नथुनी और चांदी का अंगूठी रखकर मुझे दे दिया और कहा कि आधे घंटे के बाद खोलकर इसे निकाल लेना। मैं गहना लेकर अंदर गई और प्लास्टिक में देखा तो अंदर कुछ नहीं था इसके बाद मैं हल्ला किया और उसके बाद दोनों को पकड़ लिया।