श्रमिक हितों से समझौता नहीं – विधायक अनूप सिंह
कथारा। बेरमो विधायक व आरसीएमयू के अध्यक्ष कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह से राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने रांची स्थित आवासीय कार्यालय में मुलाकात कर क्षेत्र के मजदूरों की समस्याओं से अवगत कराया।
विधायक अनूप सिंह ने सभी मामलों को गंभीरता से सुना और कहा कि मुख्यालय स्तर के मामलों को सीएमडी के समक्ष तथा क्षेत्रीय स्तर के मामलों को महाप्रबंधक के समक्ष रखकर जल्द निराकरण कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रमिक हितों की रक्षा और उनका वेलफेयर प्राथमिकता है, जिसके साथ कभी समझौता नहीं किया जा सकता।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में डॉक्टर, कार्मिक प्रबंधक तथा असैनिक विभाग में अभियंताओं की कमी को लेकर वे सीएमडी से बात करेंगे। साथ ही श्रमिकों का वेलफेयर क्षेत्रीय प्रबंधन द्वारा नजरअंदाज न हो, इस पर संज्ञान लेते हुए क्षेत्रीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल क्षेत्रीय अध्यक्ष अजय कुमार सिंह व क्षेत्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि विधायक जल्द ही क्षेत्र का दौरा करेंगे।
उन्होंने कहा कि जिस तरह मजदूरों का विश्वास और भरोसा संगठन पर कायम है, उसे और मजबूत किया जाएगा।
यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार श्रमिकों के अधिकारों का हनन कर रही है। पहले जो सुख-सुविधाएं श्रमिकों को प्राप्त थीं, उनमें निरंतर कटौती की जा रही है। इसे उन्होंने वर्तमान सरकार के ‘अच्छे दिन’ का संकेत बताते हुए कहा कि इससे श्रमिकों में गहरा आक्रोश है।
प्रतिनिधिमंडल में क्षेत्रीय अध्यक्ष अजय कुमार सिंह, क्षेत्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह, नरेंद्र कुमार त्रिपाठी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।