घाघरा प्रखंड कार्यालय के सभागार में सोमवार को बीडीओ दिनेश कुमार की अध्यक्षता में बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
बैठक के दौरान बताया गया कि एसआईआर की योग्यता तिथि 1 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं तैयारी, प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग कार्य 20 जून से 29 जून तक किया जाएगा। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सर्वेक्षण कार्य 30 जून से 29 जुलाई तक चलेगा। मतदान केंद्रों का तार्किकीकरण 29 जुलाई तक पूरा किया जाएगा।
इसके अलावा ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त को किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियां 5 अगस्त से 4 सितंबर तक प्राप्त की जाएंगी, जबकि उनके निस्तारण की प्रक्रिया 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक चलेगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर को किया जाएगा।
बैठक में बीडीओ दिनेश कुमार ने मैपिंग कार्य में तेजी लाने तथा सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। मौके पर कंप्यूटर ऑपरेटर ज्योतिलाल महतो सहित कई कर्मी मौजूद थे।