बालूमाथ (लातेहार), 17 मई 2026:
बालूमाथ प्रखंड अंतर्गत भैंसादोन गांव स्थित दुर्गा मंडप परिसर में ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में ग्राम सभा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में NTPC एवं NLC India Limited से संबंधित गतिविधियों, सर्वे कार्यों और प्रस्तावित जनसुनवाई को लेकर ग्रामीणों ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कंपनियों द्वारा गांव में की जा रही गतिविधियों में पारदर्शिता का अभाव है। लोगों को यह तक जानकारी नहीं दी जाती कि कब सर्वे किया जा रहा है, कितनी जमीन का मापन हुआ है, या कब बैठक और जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। बिना पूर्व सूचना के बार-बार गतिविधियां शुरू किए जाने से ग्रामीणों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
ग्राम सभा ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की कंपनी गतिविधि, सर्वे, जनसुनवाई या गांव में प्रवेश से पहले ग्राम सभा और स्थानीय ग्रामीणों को विधिवत सूचना देना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति या सूचना के किसी भी गतिविधि का ग्रामीण एकजुट होकर विरोध करेंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी 1 जून को प्रस्तावित जनसुनवाई का विरोध किया जाएगा। साथ ही 21 मई को गेरेंजा में आयोजित बैठक में अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया, ताकि कंपनियों के खिलाफ सामूहिक रूप से आवाज उठाई जा सके।
इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी ने कहा कि ग्राम सभा सर्वोच्च संस्था है और स्थानीय लोगों को विश्वास में लिए बिना किसी भी प्रकार की प्रक्रिया आगे बढ़ाना उचित नहीं है। उन्होंने कंपनियों से ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्राम प्रधान को समय पर पूरी जानकारी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो ग्रामीणों का विरोध स्वाभाविक है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ग्रामीणों के अधिकार, जमीन और सम्मान की रक्षा के लिए वह हमेशा उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेंगी।
बैठक में संजय यादव, उदय यादव, रामवृक्ष यादव, सौरव यादव, नंदकुमार यादव, पंचायत समिति सदस्य बीरबल जी, भारत यादव, भोला यादव, अंबिका यादव, फुलदेव यादव, बिहारी यादव, विश्वनाथ मुंडा, ग्राम प्रधान धाधू, दशरथ यादव, सूरत यादव, निर्मल यादव, बालेश्वर यादव, बसंती उरांव, बालकिशन यादव, गोवर्धन यादव, वीरेंद्र यादव, काबिलाश यादव, विनोद यादव, जितेंद्र यादव, विनोद प्रजापति, देवनाथ उरांव, रामलाल उरांव, गेरेंजा, बिट्टू सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
सभी ग्रामीणों ने एक स्वर में ग्राम सभा के निर्णय का समर्थन करते हुए कंपनी की अपारदर्शी गतिविधियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।