घाघरा: शनिवार को अंचल कार्यालय घाघरा में आयोजित आंचल दिवस कार्यक्रम में उपायुक्त दिलेश्वर महतो सहित जिले के कई अधिकारी शामिल हुए। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जमीन से जुड़े विवादों के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक शनिवार को आंचल दिवस आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि जमीन विवादों के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है, लेकिन अब इस पहल से उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रकार के मामलों का निष्पादन किया गया, जिसमें भूमि सत्यापन के 9, पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र के 15, दाखिल-खारिज के 6, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र के 20, पंजी-2 सुधार के 9 मामलों का निपटारा किया गया। साथ ही 4 लाभुकों के बीच भू-धारण संबंधी दस्तावेजों का वितरण भी किया गया।
आंचल दिवस में कुल 59 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 49 का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि 10 मामले प्रक्रियाधीन रखे गए। भूमि विवाद से जुड़े 5 मामलों में से 4 का समाधान तत्काल किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई तथा उपायुक्त और अन्य अतिथियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों से स्वागत किया गया। इस मौके पर एसी सशिन्द्र कुमार बड़ाईक, अनुमंडल पदाधिकारी राजीव नीरज, एलआरडीसी राजीव कुमार, अंचल अधिकारी सुशील कुमार, प्रमुख सविता देवी, सीआई बजरंग कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।