तेनुघाट। गोमिया विधानसभा के पूर्व विधायक एवं संयुक्त बिहार-झारखंड सरकार में मंत्री रह चुके माधव लाल सिंह का बुधवार को रांची स्थित Pulse Hospital में निधन हो गया। वे पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही गोमिया सहित पूरे बेरमो अनुमंडल में शोक की लहर दौड़ गई।
जब उनका पार्थिव शरीर तेनुघाट लाया गया, तो सैकड़ों की संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। नम आंखों से लोगों ने उन्हें विदाई दी और फूल-मालाओं के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की। क्षेत्र के लोगों ने उन्हें जमीन से जुड़ा नेता बताते हुए कहा कि वे हमेशा गरीबों और जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहते थे। उनके पास जाने वाला हर दुखी व्यक्ति संतुष्ट होकर लौटता था।
पूर्व मंत्री के पार्थिव शरीर को गोमिया लाने से पूर्व झारखंड विधानसभा परिसर में भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई तथा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सम्मान प्रदान किया गया। इस दौरान राज्य के मंत्री एवं गोमिया विधायक योगेंद्र प्रसाद, मंत्री दीपिका पांडे सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
बताया जाता है कि तबीयत बिगड़ने के बाद पहले उन्हें बोकारो के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, बाद में स्थिति गंभीर होने पर रांची रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
माधव लाल सिंह गोमिया विधानसभा क्षेत्र की राजनीति का एक बड़ा चेहरा थे। उन्होंने वर्ष 1985, 1990, 2000 और 2009 में चुनाव जीतकर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 2000 में वे बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री बने और झारखंड गठन के बाद 2003 में भी मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली।
उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोग जुटे और नम आंखों से विदाई दी। क्षेत्रवासियों ने एक स्वर में कहा कि वे गरीबों के मसीहा थे और उनकी कमी को कोई पूरा नहीं कर सकेगा।
रांची से उनके पार्थिव शरीर को उनके आवास तक लाया गया। इस दौरान वर्तमान विधायक योगेंद्र प्रसाद अपने समर्थकों के साथ मौजूद रहे। वहीं बेरमो अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुआ भी इस दौरान उपस्थित थे। रास्ते में कई स्थानों पर लोगों ने रुककर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
गोमिया विधायक योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि माधव लाल सिंह का निधन न केवल गोमिया बल्कि पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में क्षेत्र के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। इस दुख की घड़ी में हम उनके परिवार के साथ खड़े हैं।
इस अवसर पर तेनुघाट मुखिया नीलम श्रीवास्तव, रामचन्द्र यादव, देवनारायण यादव, मुन्ना श्रीवास्तव, जगदीश मिस्त्री सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।