सतबरवा से दिनेश यादव की रिपोर्ट
सतबरवा/पलामू:- सतबरवा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मलय डैम का चैन गेट संख्या-18 पिछले लंबे समय से टूटा हुआ है, जिससे क्षेत्र के किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता आशीष कुमार सिन्हा ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर उन्होंने 18 दिसंबर 2025 को ही पलामू उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर ध्यान आकृष्ट कराया था।
इसके बावजूद अब तक किसी भी संबंधित अधिकारी द्वारा नहर की मरम्मत कराने की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई है।उन्होंने कहा कि यह नहर क्षेत्र के किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी नहर के माध्यम से लगभग 105 गांवों में सिंचाई हेतु पानी की आपूर्ति होती है। चैन गेट टूट जाने के कारण किसानों को खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे फसलों की उपज प्रभावित हो रही है।
स्थानीय कृषकों ने बताया कि वर्तमान में नहर का जलस्तर कम है, ऐसे समय में यदि नहर की मरम्मत और मरम्मतीकरण कार्य कराया जाए तो आने वाले फसल सीजन में किसानों को काफी राहत मिल सकती है। साथ ही नहर की स्थिति भी बेहतर होगी और उसकी आयु बढ़ेगी।
किसानों का कहना है कि यदि समय रहते नहर की मरम्मत नहीं हुई तो खेती करना मुश्किल हो जाएगा। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराने के साथ-साथ भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नहर की मरम्मत कराने की मांग की है।