पाकुड़ संवाददाता — झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) पाकुड़ के तत्वावधान में नब्बे दिवसीय गहन विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बाल आश्रय गृह पाकुड़, पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय हिरणपुर तथा दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक कार्यक्रम आयोजित हुआ।
यह अभियान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डीएलएसए पाकुड़ दिवाकर पांडेय के निर्देश तथा डीएलएसए सचिव रूपा बंदना किरो के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
बाल आश्रय गृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के सहायक गंगाराम टुडू एवं पीसीआई यूनिसेफ के चाइल्ड कोऑर्डिनेटर मो. अनीस ने बच्चों को शिक्षा, कौशल विकास और उनके कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बच्चों के साथ संवाद कर उन्हें आत्मविश्वास बढ़ाने, अनुशासन में रहने, लक्ष्य निर्धारित करने और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डिप्टी चीफ संजीव कुमार मंडल ने निःशुल्क कानूनी सहायता, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्यों सहित विभिन्न कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने नालसा की योजनाओं के बारे में बताते हुए टोल फ्री नंबर 15100 के माध्यम से मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कुरीतियों और अपराधों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। डायन प्रथा, बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा और बाल श्रम जैसे गंभीर मुद्दों एवं उनसे जुड़े कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों से इन सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने और कानून का सहारा लेने की अपील की गई।
इस मौके पर मेडिएटर सुमित्रा रानी सिंह, कोऑर्डिनेटर तालामय किस्कू, पैरा लीगल वॉलंटियर्स मैनुल शेख, पिंकी मंडल, मोलिता कुमारी, विजय कुमार राजवंशी, नीरज कुमार राउत सहित विद्यालय की प्रधानाध्यापिका, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं और बाल आश्रय गृह के कर्मी उपस्थित रहे।