गोमिया — गोमिया थाना क्षेत्र के स्वांग क्वार्टर नंबर 1बी/85 में घर के बाहर खड़ी बस से अज्ञात चोरों ने बैटरी चुरा ली। पीड़िता ने घटना को लेकर गोमिया थाना में सनहा दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।
टिपनी देवी, पति श्री बनोधी मंडल, निवासी स्वांग क्वार्टर नं. 1बी/85, थाना गोमिया, जिला बोकारो ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया कि 4 मई 2026 की सुबह 6:00 बजे जब वह उठीं तो देखा कि उनके निवास के बाहर खड़ी बस संख्या JH02AN0123 की बैटरी गायब है। अपने स्तर से काफी खोजबीन करने पर भी बैटरी का पता नहीं चला।
पीड़िता ने पुलिस से मामले में सनहा दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि बैटरी चोरी होने से उन्हें आवागमन में परेशानी हो रही है।
गोमिया थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और चोरों की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि स्वांग वन बी और टीचर कॉलोनी में बीते दिनों बसों से बैटरी चोरी और चेन स्नैचिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत है।