बरहरवा संवाददाता।: प्रखंड के यादवनगर स्थित टोटल ट्यूशन सेंटर द्वारा एक सम्मान समारोह आयोजित कर मेधावी छात्र नासिर आलम और नगमा तबस्सुम को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कोचिंग के शिक्षकों ने दोनों विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह और मेडल प्रदान किए।
अपग्रेड हाई स्कूल, जूहिबोना के छात्र नासिर आलम ने 82 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। वहीं अपग्रेड हाई स्कूल , हस्तीपाड़ा की छात्रा नगमा तबस्सुम ने 86.40 प्रतिशत अंक हासिल कर अपने विद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया।
समारोह में उपस्थित शिक्षकों ने कहा कि इन दोनों छात्रों की सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और सही मार्गदर्शन का परिणाम है। टोटल ट्यूशन सेंटर के शिक्षकों ने बताया कि सही दिशा-निर्देशन और निरंतर अभ्यास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है, जिसका उदाहरण नासिर और नगमा ने प्रस्तुत किया है।
इस दौरान दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। शिक्षकों ने अन्य छात्रों से भी इनसे प्रेरणा लेने और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने दोनों छात्रों की उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात बताया और कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली छात्र समाज और देश का नाम रोशन करते हैं।