गोमिया (प्रतिनिधि):केबीपी परियोजना को लेकर शनिवार को रहावन थाना परिसर में प्रशासन, परियोजना प्रबंधन और विस्थापित रैयतों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की गई। बैठक अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो तेनुघाट के निर्देश पर संपन्न हुई, जिसमें कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में कार्यपालक दंडाधिकारी तेनुघाट कुमार कनिष्क, बीडीओ गोमिया महादेव महतो, अंचल अधिकारी (CO) आफताब आलम, थाना प्रभारी रहावन पिंटू महथा, जागेश्वर विहार थाना प्रभारी प्रकाश यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विस्थापन मोर्चा के सदस्य, परियोजना प्रबंधन के अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रभावित रैयत मौजूद रहे।
वार्ता के दौरान विस्थापित रैयतों ने मुआवजा, पुनर्वास और रोजगार से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। उन्होंने मांग की कि जमीन अधिग्रहण के बदले उचित मुआवजा दिया जाए, प्रत्येक प्रभावित परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी मिले तथा सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ समुचित पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए।
इस पर कार्यपालक दंडाधिकारी कुमार कनिष्क ने परियोजना प्रबंधन को निर्देश दिया कि रैयतों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए सरकार के नियमों के अनुसार मुआवजा और पुनर्वास प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। वहीं बीडीओ और सीओ ने स्पष्ट किया कि विस्थापितों के अधिकारों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में प्रशासन ने सभी पक्षों से आपसी सहमति और संवाद के जरिए विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकालने पर जोर दिया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पूरी वार्ता की रिपोर्ट अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।