घाघरा स्थित गोपाल साहू पब्लिक स्कूल में वार्षिक उत्सव बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड प्रमुख सविता देवी, दिशा सदस्य अनिरुद्ध चौबे, उप प्रमुख शिव देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी, समाजसेवी विपिन बिहारी सिंह, मनोज साहू, मनोज सिन्हा, आजाद साहू तथा विद्यालय के डायरेक्टर नीरज कुमार साहू सहित अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से मां सरस्वती एवं स्वर्गीय गोपाल साहू के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया गया।
समारोह में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नृत्य, गीत और आकर्षक झांकियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रमुख सविता देवी ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की आधारशिला है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। साथ ही बच्चों के समग्र विकास में अभिभावकों और शिक्षकों की संयुक्त भूमिका पर भी जोर दिया।
दिशा सदस्य अनिरुद्ध चौबे ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि स्कूल में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और अनुशासन भी प्रदान किया जा रहा है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अनुशासन को सफलता की कुंजी बताते हुए छात्रों को इसे जीवन में अपनाने की सलाह दी।
अपने संबोधन में समाजसेवी विपिन बिहारी सिंह ने कहा कि शिक्षित समाज ही सशक्त राष्ट्र निर्माण की नींव है। उन्होंने छात्रों को मेहनत, लगन और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।