“गुमला के धोबनी में सौर सिंचाई और जलमीनार का उद्घाटन, 17 गांवों को मिलेगा लाभ”
प्रेम कुमार साहू की रिपोर्ट,
गुमला (घाघरा): प्रखंड के धोबनी गांव में बुधवार को ग्रामीण विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन किया गया। यह कार्यक्रम BAIF संस्था द्वारा संचालित परियोजना के तहत आयोजित हुआ, जिसे HDFC Bank के सहयोग से क्रियान्वित किया जा रहा है।
इस अवसर पर बदरी एवं धोबनी गांव में स्थापित दो सौर ऊर्जा आधारित लिफ्ट सिंचाई इकाइयों तथा धोबनी गांव में एक जलमीनार (वॉटर टावर) का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में करीब 100 ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विकास आयुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि सौर आधारित सिंचाई प्रणाली और जलमीनार ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे। इससे जहां कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी, वहीं स्थायी आजीविका के अवसर बढ़ेंगे और पलायन में कमी आएगी।
उन्होंने जलमीनार में लगाए गए शुद्धिकरण प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस मौके पर विशिष्ट अतिथि प्रखंड प्रमुख सविता देवी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी दिनेश कुमार ने भी संस्था के कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत 17 गांवों में कार्य जारी हैं, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में लगातार सुधार हो रहा है।
कार्यक्रम में परियोजना से जुड़े प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति रही। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।