बिजली पोल नहीं लगने से हादसे का खतरा, नप उपाध्यक्ष ने शीघ्र कार्रवाई की मांग की

लातेहार। नगर पंचायत लातेहार के उपाध्यक्ष सह वार्ड पार्षद, वार्ड नंबर-11 के संतोष रंजन कुमार ने विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक विद्युत अभियंता को आवेदन देकर शहर में लंबे समय से लंबित बिजली पोल लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि कई स्थानों पर बिजली के तार असुरक्षित स्थिति में हैं, जिससे आमलोगों, बच्चों और राहगीरों के साथ गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
आवेदन में बताया गया है कि नगर पंचायत क्षेत्र के कई मोहल्लों में स्थायी बिजली पोल नहीं होने के कारण अस्थायी व्यवस्था के सहारे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। इससे बिजली के तार असुरक्षित स्थिति में हैं और लोगों को खतरे के बीच जीवन-यापन करना पड़ रहा है। संतोष रंजन कुमार के अनुसार इस समस्या को लेकर स्थानीय स्तर पर विद्युत विभाग के अधिकारियों को मौखिक और लिखित रूप से कई बार अवगत कराया गया है। नगर पंचायत की बैठक में भी विभाग के अधिकारियों से समस्या के समाधान का आग्रह किया गया था, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में बरसात का मौसम होने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है तथा किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों का सर्वे कराने और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त आवेदनों के आधार पर स्थलीय जांच कर आवश्यक संख्या में बिजली पोल लगाने की मांग की है।
उन्होंने विद्युत विभाग से जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रभावित स्थानों का शीघ्र निरीक्षण कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। आवेदन की प्रतिलिपि नगर विकास एवं आवास विभाग के अधिकारियों, उपायुक्त लातेहार, अनुमंडल पदाधिकारी और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को भी भेजी गई है।
![]()





