गढ़वा
शहरी क्षेत्र से सटे ग्रामीण इलाकों में रसोई गैस की कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। संजय पांडेय के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर प्रखंड के हूर गांव में छापेमारी कर 70 एलपीजी सिलेंडर से लदा एक पिकअप वाहन जब्त किया गया।
जब्त किए गए सिलेंडरों में 17 भरे हुए और 53 खाली सिलेंडर शामिल हैं। बड़ी मात्रा में खाली सिलेंडर मिलने से ग्रामीणों के उस आरोप की पुष्टि हुई है कि गांव में अवैध रूप से गैस सिलेंडर बेचने का काम किया जा रहा था।
सूचना के आधार पर हुई छापेमारी
एसडीएम संजय पांडेय को व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से सूचना मिल रही थी कि गांव में एक व्यक्ति द्वारा गैस सिलेंडरों की ऊंचे दाम पर अवैध बिक्री और कालाबाजारी की जा रही है। सूचना का सत्यापन करने के बाद एसडीएम ने सचिन चौबे के ठिकाने पर औचक छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान घर के बाहर अहाते में सिलेंडरों से भरा पिकअप वाहन खड़ा मिला। मौके पर मौजूद सचिन चौबे सिलेंडरों के स्रोत और वितरण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया।
एजेंसी को सौंपे गए सिलेंडर
कार्रवाई के दौरान शफी आलम और राहुल मिंज भी मौजूद थे। अधिकारियों ने जब्त सिलेंडरों की गिनती कराई और सुरक्षा की दृष्टि से पूरे स्टॉक को भारद्वाज भारत गैस एजेंसी को सुपुर्द कर दिया।