जगेश्वर विहार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डाकासाडम में शुक्रवार को जंगल में आग लगाए जाने तथा जंगली हाथियों और अन्य वन्य प्राणियों से हो रहे नुकसान को लेकर एक जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व जगेश्वर विहार थाना प्रभारी प्रकाश यादव एवं ललपनिया ओपी प्रभारी जयप्रकाश एक्का ने किया।
बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने जंगल में आग लगाने से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विगत कुछ महीनों से जंगलों में जंगली जीवों के लिए आवश्यक संसाधनों की कमी हो रही है, जिसके कारण जंगली हाथी एवं अन्य वन्य प्राणी भोजन की तलाश में जंगल से निकलकर गांवों की ओर आ रहे हैं। इससे ग्रामीणों पर हमले और फसलों को नुकसान की घटनाएं भी सामने आई हैं।
ग्रामीणों को जागरूक करते हुए अपील की गई कि जंगल में आग न लगाएं, ताकि वन्य जीवों का प्राकृतिक आवास सुरक्षित रह सके और मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोका जा सके।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 14 मार्च 2026 से वन विभाग, स्थानीय पुलिस तथा ग्रामीणों की संयुक्त टीम गांव-गांव जाकर लोगों को जंगल में आग नहीं लगाने के प्रति जागरूक करेगी।
बैठक में पंचायत समिति सदस्य तिलैया, शिवलाल हेम्ब्रम, चतुर्भुज प्रजापति, सुरेश कुमार प्रजापति, बिरबल किस्कू, सुनिल कुमार टुडू, गोपाल किस्कू, रतिराम मांझी, रामा मांझी, जीवन मांझी, रामेश्वर हेम्ब्रम, महेंद्र हेम्ब्रम सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।