नई दिल्ली (पीआईबी): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इजराइल के राजकीय दौरे पर प्रस्थान से पहले अपने वक्तव्य में कहा कि वह अपने प्रिय मित्र और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के आमंत्रण पर 25-26 फरवरी 2026 को इजराइल की यात्रा पर जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और इजराइल के बीच सुदृढ़ एवं बहुआयामी सामरिक साझेदारी है, जिसमें हाल के वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार, कृषि, जल प्रबंधन, रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश तथा जन-से-जन संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा होगी। साथ ही, दोनों देश आपसी हित के क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे।
इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे। उन्हें इजराइली संसद केनेस्सेट को संबोधित करने वाले प्रथम भारतीय प्रधानमंत्री बनने का सम्मान भी प्राप्त होगा। उन्होंने इसे दोनों देशों के मजबूत संसदीय और लोकतांत्रिक संबंधों के प्रति सम्मान बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह इजराइल में बसे भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों से भी संवाद के लिए उत्सुक हैं, जिन्होंने भारत-इजराइल की विशेष मित्रता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह राजकीय दौरा दोनों देशों के स्थायी संबंधों को और मजबूती देगा, सामरिक साझेदारी के लिए नए आयाम स्थापित करेगा तथा साझा विकास और नवाचार के विजन को आगे बढ़ाएगा।