बोकारो। जिला पुलिस एवं आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस और आम नागरिकों के बीच आपसी सद्भाव, विश्वास और सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से तीन दिवसीय पुलिस–पब्लिक मैत्री सद्भावना फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 13 फरवरी 2026 तक तारकेश्वर महतो स्टेडियम, पिलपिलो (ऊपरघाट), थाना–पैक, नारायणपुर (बोकारो) में किया जा रहा है।
इस आयोजन का उद्देश्य खेल के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को प्रोत्साहित करना, संवाद बढ़ाना और सकारात्मक पुलिस–पब्लिक संबंध स्थापित करना है। आयोजकों के अनुसार, ऐसे खेल कार्यक्रम सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच 11 फरवरी को पूर्वाह्न 11:30 बजे से खेला जाएगा। वहीं, 13 फरवरी को पूर्वाह्न 11:30 बजे फाइनल मुकाबला और समापन समारोह आयोजित होगा। तीनों दिनों तक विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड की महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती तदाशा मिश्रा की उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
बोकारो पुलिस ने आम नागरिकों, खेल प्रेमियों और विशेष रूप से युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें। पुलिस का कहना है कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और पुलिस–जनता के रिश्ते और मजबूत होते हैं।
मंगलवार को इस आयोजन की जानकारी पुलिस अधीक्षक बोकारो हरविन्दर सिंह ने दी।