- बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत प्रचार सह जागरूकता रथ रवाना
लातेहार।बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बाल विवाह उन्मूलन का संकल्प लेते हुए शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से प्रचार सह जागरूकता रथ को रवाना किया गया। यह प्रचार रथ स्वयंसेवी संस्था वैदिक सोसाइटी, लातेहार द्वारा संचालित किया जा रहा है, जो जिले के सभी प्रखंडों में भ्रमण कर समुदाय स्तर पर लोगों को बाल विवाह के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगा।
इस अवसर पर सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा, लातेहार ने कहा कि बाल विवाह हमारे समाज के लिए एक अभिशाप है, जिसे सामूहिक प्रयासों से ही समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि बाल विवाह की सूचना मिलने पर तुरंत प्रशासन या संबंधित विभाग को जानकारी दें।
मौके पर उपस्थित वैदिक सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने बताया कि विभागीय दिशा-निर्देशों के आलोक में जिले के प्रत्येक प्रखंड में मोटरसाइकिल रैली, नुक्कड़ नाटक एवं जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से आगामी 100 दिनों तक बाल विवाह उन्मूलन को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
कार्यक्रम में मेरी मड़की (सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा), अलका हेम्ब्रम (जिला समाज कल्याण पदाधिकारी), रीना कुमारी (जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी), बाल कल्याण समिति के सभी सदस्य, कार्यालय कर्मी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।