जमशेदपुर: शनिवार को सैन्यकर्मियों द्वारा सैन्य सम्मान के साथ साथी सैनिक राहरगोड़ा निवासी शहीद प्रणय कुमार शर्मा को स्वर्णरेखा बर्निग घाट पर अंतिम विदाई दी गई।
परसूडीह थानांतर्गत राहरगोड़ा के सैनिक प्रणय कुमार शर्मा ( 46 वर्षीय ) की रूडकी में ड्यूटी के दौरान अकास्मिक निधन हो गया। शनिवार को उनका पार्थिव राहरगोड़ा लाया गया। सेना के वाहन से आर्मी जवानों द्वारा पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। राहरगोड़ा से पार्थिव शरीर को गोलमुरी पुलिस लाइन स्थित समाधी स्थल पर ले जाया गया। तत्पश्चात भुईयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निग घाट पर दाह-संस्कार के लिए ले जाया गया।
यहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ वीर सैनिक प्रणय कुमार शर्मा को सैनिकों द्वारा अंतिम विदाई दी गई। सम्मान स्वरूप पार्थिव शरीर पर से तिरंगा समेट कर सैन्य अधिकारियों द्वारा परिजनों को सुपुर्द किया गया। इस दौरान पूरा माहौल गमगीन था। सैकड़ों बस्तीवासियों ने नम आंखों से सेना के जवान को अंतिम विदाई दी। इस दौरान वीर सेना अमर रहे के नारे लगे। सेना के जवानों , अधिकारियों समेत अन्य लोगों द्वारा भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। स्थानीय राहरगोड़ा निवासी पहाड़ सिंह ने कहा कि प्रणय शर्मा बस्ती का गौरव थे। उन्हें सेना की वर्दी में देखकर हम-सब गौरवान्वित होते थे। उनका निधन न सिर्फ परिवार बल्कि क्षेत्र और देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है। बताते चलें कि शहीद सैनिक प्रणय कुमार शर्मा अपने पीछे पत्नी एवं बेटी प्रिया को छोड़ गये।