बरहरवा : प्रखंड क्षेत्र के श्रीकुंड स्थित मिल्लत हाई स्कूल मैदान में खेले गए गुमानी प्रीमियर लीग (जीपीएल) सीजन–8 के फाइनल मुकाबले में कोटालपोखर पंचायत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आगलोई पंचायत को 50 रनों से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबले में आगलोई पंचायत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए कोटालपोखर पंचायत की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 213 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अमित मंडल ने 92 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 9 छक्के शामिल थे। वहीं आयुष पाल ने 40 रन और अभिजीत शर्मा (बाबू) ने मात्र 13 गेंदों में 35 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर स्कोर को मजबूती दी।
214 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आगलोई पंचायत की टीम 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 163 रन ही बना सकी। आगलोई की ओर से आयुष पाल ने 40 रन और आशिफ अली ने 33 रनों का योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। कोटालपोखर की ओर से गेंदबाजी में अमित मंडल ने 4 ओवर में 33 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि बंटी बाबा ने 3 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।
पुरस्कार वितरण
फाइनल मुकाबले के बाद आयोजित समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। विजेता टीम कोटालपोखर पंचायत को जीपीएल चेयरमैन अफीफ अमसल द्वारा रॉयल एनफील्ड क्लासिक बाइक देकर सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता टीम आगलोई पंचायत को टीवीएस अपाचे आरटीआर बाइक प्रदान की गई।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द टूर्नामेंट एवं बेस्ट बॉलर का अवॉर्ड अमित मंडल को मिला। बेस्ट बैटर का पुरस्कार आशिफ अली, बेस्ट फील्डर का पुरस्कार मो. सनाउल्लाह, इमर्जिंग प्लेयर का सम्मान इंद्रजीत शर्मा, बेस्ट कैच का अवॉर्ड शाहबाज आलम तथा फेयर प्ले अवॉर्ड पलाशबोना पंचायत टीम को दिया गया।
इस अवसर पर जीपीएल चेयरमैन अफीफ अमसल ने कहा कि जीपीएल सिर्फ एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने का सशक्त माध्यम है। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में जिस खेल भावना, अनुशासन और जुनून का परिचय दिया, वह सराहनीय है। आने वाले समय में जीपीएल को और भी बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
फाइनल मुकाबले के दौरान बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के जोश और खेल भावना ने माहौल को उत्साहपूर्ण बनाए रखा।