राँची।शहरवासियों को जल्द ही एक नया और आकर्षक ठिकाना मिलने जा रहा है। राँची नगर निगम की पहल पर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के बाहर अत्याधुनिक नाइट मार्केट विकसित किया गया है, जिसकी तैयारियाँ लगभग पूरी हो चुकी हैं। यह नाइट मार्केट खास तौर पर सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पारिवारिक माहौल को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, ताकि लोग बेफिक्र होकर देर शाम तक यहां समय बिता सकें।
नाइट मार्केट के लिए स्टेडियम के बाहरी हिस्से में विशेष प्लेटफॉर्म का निर्माण किया गया है, जिससे बाजार एक तय दायरे में संचालित हो सके और यातायात या अव्यवस्था की कोई समस्या उत्पन्न न हो। नगर निगम का उद्देश्य है कि लोग बिना किसी परेशानी के घूमने-फिरने, खरीदारी और खानपान का आनंद ले सकें।
इस नाइट मार्केट का सबसे बड़ा आकर्षण यहां लगने वाले फूड स्टॉल होंगे। यहां लोगों को स्ट्रीट फूड, फास्ट फूड के साथ-साथ झारखंड के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी मिलेगा। इसके अलावा स्थानीय हस्तशिल्प, घरेलू उत्पाद और रोजमर्रा के उपयोग की वस्तुओं के लिए भी अलग-अलग स्टॉल निर्धारित किए गए हैं। इससे स्थानीय दुकानदारों, छोटे व्यापारियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
नगर निगम इस नाइट मार्केट को विकसित करने में लगभग एक करोड़ रुपये खर्च कर रहा है। इस राशि से प्लेटफॉर्म निर्माण, बेहतर लाइटिंग व्यवस्था, बिजली-पानी की सुविधा, बैठने के लिए बेंच, साफ-सफाई व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पूरे क्षेत्र को घेराबंदी के साथ विकसित किया गया है, ताकि नाइट मार्केट अपनी निर्धारित सीमा में ही संचालित हो और किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष ध्यान दिया गया है। पूरे नाइट मार्केट क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही फूड स्टॉल संचालकों को स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करना होगा। नगर निगम द्वारा नियमित रूप से साफ-सफाई और हाइजीन की निगरानी की जाएगी।
नाइट मार्केट के शुरू होने से राँची की शामें और भी जीवंत होंगी। यह न केवल शहरवासियों के लिए मनोरंजन और खरीदारी का नया केंद्र बनेगा, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में यह नाइट मार्केट राँची की एक नई पहचान बनकर उभरेगा।