लातेहार।
विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान एवं विद्या विकास समिति की योजना तथा नई शिक्षा नीति (NEP) के आलोक में गुरुवार को सरस्वती विद्या मंदिर धरमपुर में एक दिवसीय ‘बालक व्यक्तित्व विकास शिविर’ का भव्य आयोजन किया गया। शिविर का संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी के कुशल मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें कक्षा 6 से 10वीं तक के 126 छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
चार सत्रों में विभाजित इस शिविर का उद्देश्य छात्रों का शारीरिक, मानसिक, नैतिक और बौद्धिक विकास सुनिश्चित करना रहा।
योग और शारीरिक कौशल से हुई शुरुआत
शिविर के प्रथम सत्र में योग प्रमुख पप्पू जी एवं योगाचार्य घनश्याम जी के नेतृत्व में द्रुत गति योग, विभिन्न आसन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इस सत्र में विद्यालय के आचार्य ओंकार नाथ सहाय, सुरेश ठाकुर सहित अन्य शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता रही।
साइबर सुरक्षा एवं मोबाइल एडिक्शन पर जागरूकता
द्वितीय सत्र का उद्घाटन मुख्य अतिथि लातेहार साइबर थाना के सब इंस्पेक्टर पिंटू कुमार, सहायक सब इंस्पेक्टर संजय कुमार, मुख्य क्लर्क नीतीश कुमार पटेल, विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष राजीव रंजन पाण्डेय, उपाध्यक्षा प्रीति भारती एवं प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस सत्र में:
- साइबर सुरक्षा पर सब इंस्पेक्टर श्री पिंटू कुमार एवं श्री नीतीश पटेल ने साइबर फ्रॉड से बचाव के तकनीकी उपाय बताए।
- मोबाइल एडिक्शन पर उपाध्यक्षा श्रीमती प्रीति भारती ने मोबाइल गेम्स के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला।
- अध्यक्ष श्री राजीव रंजन पाण्डेय ने छात्रों को सुरक्षात्मक एवं अनुशासित शिक्षा अपनाने की प्रेरणा दी।
प्रधानाचार्य श्री उत्तम कुमार मुखर्जी ने विद्या विकास समिति की वार्षिक योजना में इस प्रकार के शिविरों की उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की।
खेलकूद एवं स्वास्थ्य जागरूकता
तृतीय सत्र में बैडमिंटन, शतरंज, कबड्डी, गोला फेंक एवं लंबी कूद जैसी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
चिकित्सकों का मार्गदर्शन
चतुर्थ एवं समापन सत्र में सदर अस्पताल, लातेहार के चिकित्सकों ने छात्रों का मार्गदर्शन किया—
- डॉ. अखिलेश्वर प्रसाद (उपाधीक्षक): शारीरिक जागरूकता एवं स्वच्छता पर जोर दिया।
- डॉ. सोनाली (मनोवैज्ञानिक): पीपीटी के माध्यम से मोबाइल एडिक्शन के खतरों एवं बचाव के उपाय बताए।
- डॉ. राजेश (चर्म रोग विशेषज्ञ): ठंड के मौसम में त्वचा की देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
सम्मान एवं समापन
विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी आचार्य, दीदी जी एवं कर्मचारी वृंद का सराहनीय योगदान रहा।