लातेहार।
लातेहार शहर के शाह वन ढाबा के समीप सड़क किनारे स्थित एक ट्रेंच से सोमवार को एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक तौर पर शव के पास से एक बाइक भी बरामद की गई, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस द्वारा जांच की प्रक्रिया जारी थी।
बरामद शव की पहचान चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बनहरदी गांव निवासी बालेश्वर उरांव के पुत्र मनोज उरांव के रूप में की गई है। मृतक की पहचान उसके ममेरा भाई बिंदेश्वर उरांव ने की। उन्होंने बताया कि मनोज उरांव बीते 3 दिसंबर की शाम लातेहार में डेरा जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों के अनुसार वह किरलाल उरांव के साथ घूमने गया था, जिसके बाद वह लापता हो गया।
परिजनों ने बताया कि काफी खोजबीन के बावजूद जब मनोज का कोई सुराग नहीं मिला तो 5 दिसंबर को चंदवा थाना में उसकी गुमशुदगी की सूचना दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों ने 15 दिसंबर को सिकनी के पास एनएच-39 को जाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया था।
शव बरामद होने की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अरविंद कुमार, चंदवा थाना प्रभारी रणधीर सिंह एवं लातेहार थाना प्रभारी रमाकांत गुप्ता दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एसडीपीओ अरविंद कुमार ने बताया कि शव बरामद कर लिया गया है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया गया है तथा वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, परिजनों ने मनोज उरांव की हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।