रिपोर्टिंग: प्रेम कुमार साहू,
घाघरा (पाकरटोली)। गोपाल साहू पब्लिक स्कूल परिसर में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। प्रतियोगिता के शुभारंभ से पूर्व प्रखंड प्रमुख सविता देवी, भाजयुमो अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी एवं विद्यालय के निदेशक नीरज कुमार साहू ने संयुक्त रूप से भारत माता एवं स्वर्गीय गोपाल साहू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के बीच जलेबी रेस, 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, मेंढक दौड़ एवं फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 100 मीटर दौड़ में शिवम उरांव ने प्रथम, नितेश उरांव ने द्वितीय तथा प्रिंस उरांव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रमुख सविता देवी ने कहा कि खेलकूद से बच्चों का मानसिक, शारीरिक एवं बौद्धिक विकास होता है। वहीं भाजयुमो अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी ने कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं सभी विद्यालयों में नियमित रूप से आयोजित होनी चाहिए, जिससे बच्चों में अनुशासन और टीम भावना का विकास हो।
कार्यक्रम में आनंद देवरिया, शिवानी सिंह, ललित वर्मा, स्वाति वर्मा, उत्तम प्रजापति, संगम सिंह, आकृति कच्छप, नीलम कुमारी, पिंकी कुमारी, गीता कुमारी, पीयूष पांडे, सुमेधा कुमारी, रोशन कुमार भगत, लीलावती देवी सहित कई शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।