गढ़वा। प्रतिनिधि — अनूप कुमार गुप्ता
गढ़वा। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गढ़देवी मोहल्ला से ब्राउन शुगर बेच रहे दो तस्करों को रंगे हाथ पकड़ लिया। दिनांक 09.12.2025 को पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गढ़वा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए बताए गए स्थान पर छापामारी की।
कार्रवाई के दौरान राहुल कुमार और विनोद राम उर्फ सोढ़न को मौके से गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उनके कमरे से कुल 29.2 ग्राम ब्राउन शुगर, ₹2,80,000 नगद, 06 मोबाइल फोन, ब्राउन शुगर पैक करने की सामग्री तथा 02 मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में राहुल कुमार ने स्वीकार किया कि वह सासाराम से ब्राउन शुगर लाकर गढ़वा में 500 से 700 रुपये प्रति पुड़िया के हिसाब से बेचता है।
इस संबंध में गढ़वा थाना कांड संख्या 626/25 के तहत मामला दर्ज कर दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।