गोमिया। गोमिया क्षेत्र में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा धूमधाम, हर्षोल्लास एवं भक्तिमय माहौल में संपन्न हो गया। इस अवसर पर गोमिया-तेनु रोड स्थित बोकारो नदी के छठ घाट, खम्हरा स्थित कोनार नदी छठ घाट, स्वांग कोलियरी स्थित कोनार नदी छठ घाट, गोमिया बस्ती के भगत अहरा तालाब छठ घाट सहित अन्य जलाशयों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ सफाई कर लाइटिंग की व्यवस्था किया गया था।
इस दौरान गोमिया-तेनु रोड स्थित बोकारो नदी के छठ घाटों में श्री छठ पूजा समिति के सौजन्य से साफ सफाई कर पूरे क्षेत्र में रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया था। वहीं सोमवार की शाम वाराणसी से आए पंडितों द्वारा गंगा आरती कार्यक्रम किया गया और भक्ति जागरण का भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। छठ घाट पर भगवान सूर्यदेव की प्रतिमा स्थापित किया गया था। इस अवसर पर पूरा क्षेत्र छठ गीतों से गुंजायमान था और भक्तिमय माहौल था।
इधर छठ पूजा को लेकर बीडीओ महादेव कुमार महतो, सीओ आफताब आलम, गोमिया के सर्किल इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, गोमिया थाना प्रभारी रवि कुमार, आइइएल थाना प्रभारी प्रफुल कुमार महतो सहित अन्य पुलिसकर्मी छठ घाटों में मौजूद थे।