संवाददाता अनूप कुमार गुप्ता
गढ़वा:- गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र के औरैया गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी अविवाहित नाबालिग बेटी और उसके नवजात बच्चे की हत्या कर दी। आरोपी पिता अनिल चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सूत्रों के अनुसार, 3 अक्टूबर को अनिल चौधरी ने अपनी नाबालिग बेटी और उसके एक दिन के नवजात शिशु की हत्या कर शवों को औरैया नदी किनारे दफना दिया था। सोमवार को पुलिस ने मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कब्र से दोनों शवों को बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया।
अभियुक्त पिता ने बेटी और उसके एक दिन के बच्चे की हत्या कर शव को नदी किनारे दफनाया
घटना की पृष्ठभूमि में यह जानकारी सामने आई है कि अनिल चौधरी की नाबालिग बेटी का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था। पिता ने पहले ही उस युवक को बेटी को बहला-फुसलाकर शादी के लिए मजबूर करने के आरोप में जेल भिजवा दिया था। युवक हाल ही में जेल से रिहा होकर लौटा था।इस बीच 2 अक्टूबर को लड़की ने एक बच्चे को जन्म दिया। युवक को जब इस बात की जानकारी मिली तो साथ ही यह सूचना भी मिली कि नवजात की हत्या की साजिश रची जा रही है। उसने तुरंत मेराल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी विष्णुकांत पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी की निशानदेही पर नदी किनारे खुदाई कर शवों को बरामद किया गया।इस वीभत्स घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और सभी ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की।
थाना प्रभारी विष्णुकांत ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शवों को कब्र से निकाला गया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस इस घटना को लेकर कई पहलुओं से जांच कर रही है। सामाजिक ताने-बाने को झकझोर देने वाली इस घटना ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है।