घाघरा : प्रदान संस्था के सहयोग से संचालित घाघरा वूमेन फार्मर प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड की चौथी वार्षिक आम सभा (2024-25) गुरुवार को उत्सव संगम, बकैट हॉल, चांदनी चौक, घाघरा में सम्पन्न हुई।
कार्यक्रम का उद्घाटन कृषि सचिवालय के महेश कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर वन विभाग के शेखर सिंह, केनरा बैंक के शाखा प्रबंधक तथा प्रदान संस्था से सुजीत, राहुल, जीतेन्द्र, जोयदीप, अनीशा, कुमकुम सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभा में करीब 1550 महिला किसान शामिल हुईं।
कंपनी की निदेशक कुंदी देवी ने बताया कि संगठन से जुड़कर महिलाएँ पशुपालन, बागवानी और खेती के जरिये आत्मनिर्भर बन रही हैं। आने वाले समय में 5000 किसानों को टमाटर, मिर्च, मटर, तरबूज और सरसों जैसी फसलों की खेती से जोड़ा जाएगा।
अब तक कंपनी द्वारा तेल मिल, हल्दी मिल और बादाम ग्रेडिंग मिल शुरू की जा चुकी हैं। साथ ही जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए दो केंद्र खोले गए हैं, जहाँ किसानों को खाद और दवाइयाँ सस्ती दर पर उपलब्ध कराई जाती हैं।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए महेश कुशवाहा ने महिला किसानों से बचत बढ़ाने और विभिन्न विभागों से जुड़कर काम करने की अपील की।