संवाददाता – अनुज तिवारी,
पलामू। भोगु से संखा रोड निर्माण कार्य में अनियमितताओं और मुआवजे की अदायगी को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को आयोजित जनसभा में इंटक के प्रदेश सचिव सह सामाजिक कार्यकर्ता विवेकानंद त्रिपाठी ने एनएच प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में जगह-जगह डिवाइडर नहीं बनने से आम जनता को भारी परेशानी हो रही है। पंचायत के दोनों ओर बसे गांवों को जोड़ने के लिए पूर्व में चारमुहान पर कनेक्टिंग पथ की जरूरत थी, मगर एनएच प्राधिकरण ने यहां डिवाइडर तक नहीं दिया। इसके अलावा अन्य कई स्थानों पर भी मनमाने ढंग से डीपीआर तैयार किया गया है, जिसे अविलंब सुधारा जाना चाहिए।
त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि अगर एनएच प्रशासन ने जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए और मुआवजा राशि का भुगतान नहीं किया, तो यह चेतावनी आने वाले दिनों में बड़े जन आंदोलन का रूप लेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी सिर्फ एनएच प्रशासन की होगी।
जनसभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मौके पर कांग्रेसी नेता रविंद्र नाथ तिवारी, अनूप तिवारी, सुभाष तिवारी, राणा सिंह, देवेंद्र सिंह, कामाख्या सिंह, मुन्ना सिंह, सुधीर सिंह, अनिरुद्ध तिवारी, इंद्रमणि तिवारी, प्रवीण तिवारी, जितेंद्र राम, विष्णु चौधरी, शम्भू साव, रिंकू चौधरी, ब्रजेश पांडे सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।