सतबरवा (पलामू) – सतबरवा थाना क्षेत्र के रांची-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की रात करीब 10:30 बजे लहलहे गांव के समीप एक केमिकल लदा ट्रक अचानक आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी लपटों में समेट लिया और ट्रक जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सतबरवा थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची तथा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। बताया जाता है कि ट्रक मेदिनीनगर से रांची की ओर जा रहा था। रास्ते में अचानक ट्रक का केबिन गर्म होने पर चालक ने वाहन रोककर स्थिति देखने की कोशिश की, लेकिन तब तक पीछे के हिस्से में आग भड़क चुकी थी।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। इस हादसे में ड्राइवर की जान बाल-बाल बच गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।