लातेहार। आज 07 जुलाई 2025 को दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) का 78वां स्थापना दिवस तुबेद कोल माइंस, लातेहार में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उपमहाप्रबंधक (खनन) अलेक्जेंडर कुजूर ने ध्वजारोहण कर समारोह की शुरुआत की।
समारोह में उपमहाप्रबंधक (खनन) मिथिलेश कुमार, दीपक कुमार, उपमहाप्रबंधक (चिकित्सा) डॉ. अलका लकड़ा, अभिजीत गरई, अरविंद कुमार, अमित प्रसाद, फैसल नवाज, संजीव कुमार, प्रशांत कुमार सहित डीवीसी के कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर अलेक्जेंडर कुजूर ने डीवीसी के स्वर्णिम भविष्य के लिए सभी से मिलजुल कर अपनी जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान किया। वहीं मिथिलेश कुमार ने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
डीवीसी की स्थापना और उद्देश्य
ज्ञात हो कि डीवीसी की स्थापना 7 जुलाई 1948 को दामोदर नदी में आने वाली बाढ़ की विभीषिका को नियंत्रित करने और कोयला आधारित विद्युत उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी। वर्तमान में डीवीसी के चार प्रमुख बांध न केवल बाढ़ नियंत्रण में सहायक हैं, बल्कि यह संस्था पूर्वी भारत की सबसे बड़ी विद्युत उत्पादन इकाई बन चुकी है।
सामाजिक दायित्वों का निर्वहन
स्थापना दिवस के अवसर पर तुबेद कोल माइंस के कैंप कार्यालय में मधुमेह जागरूकता एवं नि:शुल्क जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 75 लोगों की जांच की गई। इसमें स्थानीय ग्रामीणों ने भी भाग लिया और लाभ उठाया।
इससे पहले, 4 जुलाई को डीवीसी द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया था, जिसमें मेडिकल जांच के बाद 53 लोगों ने रक्तदान किया। यह शिविर जिला स्वास्थ्य समिति लातेहार के सहयोग से आयोजित किया गया था।
निरंतर सामाजिक पहल
डीवीसी समय-समय पर तुबेद माइंस क्षेत्र के तुबेद, नेवारी, अंबाझारण, घोवियाझारण, मंगरा एवं डीही गांवों में महिला स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम, वृक्षारोपण, मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर, मोतियाबिंद ऑपरेशन, एवं ज्ञान प्रकाश मध्य विद्यालय लाथ में निशुल्क बेंच-डेस्क वितरण जैसी कई सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करता रहा है।