संवाददाता:अनुज तिवारी,
रविवार को सतबरवा थाना क्षेत्र के बकोरिया मस्जिद के समीप एनएच-39 पर एक तेज रफ्तार सवारी गाड़ी ने साइकिल सवार को कुचल दिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस द्वारा तत्काल अस्पताल पहुँचाए जाने के बावजूद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान बकोरिया निवासी मोकीम आलम (35 वर्ष), पिता याकूब अली के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि मोकीम का विवाह महज एक वर्ष पूर्व ही हुआ था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक की लहर फैल गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सवारी गाड़ी (संख्या: JH 03X 7177) मेदिनीनगर से रांची की ओर तेज रफ्तार से जा रही थी।मृतक साइकल से सड़क पार कर रहा था तभी यह घटना घटी।टक्कर के बाद मोकीम लगभग 50 फीट तक सड़क पर घसीटता चला गया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे तुम्बागड़ा स्थित नवजीवन अस्पताल पहुँचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की सूचना पाकर सतबरवा थाना के एसआई सुबोध कुमार एवं एएसआई बसंत दुबे दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। सवारी गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-39 को लगभग आधा घंटा जाम रखा।
जाम की सूचना पर अंचलाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की ने उचित मुआवजे और कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया।पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम हेतु एमएमसीएच मेदिनीनगर भेज दिया है।