मां काली प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी ने चिह्नित घाटों का किया निरीक्षण
विसर्जन घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं का लिया जायजा, बम काली विसर्जन जुलूस की तैयारियों को भी परखा; अधिकारियों को सतर्कता बरतने का निर्देश

रिपोर्ट सोनू कुमार,
साहिबगंज : मां काली प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को डीसी दीपक कुमार दुबे ने प्रतिमा विसर्जन के लिए चिह्नित विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा इंतजामों और विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही मौके पर मौजूद अधिकारियों को विसर्जन के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होने देने का निर्देश दिया।

बम काली विसर्जन जुलूस का भी किया निरीक्षण
निरीक्षण के क्रम में डीसी ने बम काली प्रतिमा विसर्जन जुलूस की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने विसर्जन से संबंधित तैयारियों का अवलोकन किया और अधिकारियों को शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीसी ने मां काली की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जिलेवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
![]()





