कसिया प्राथमिक विद्यालय में ताला, शिक्षक पर हाजिरी बनाकर गायब रहने का आरोप
Palamu News

नवसृजित प्राथमिक विद्यालय कसिया में शिक्षा व्यवस्था पर सवाल, हाजिरी बनाकर गायब रहने का आरोप
संवाददाता : अनुज तिवारी,
लहलहे पंचायत के कसिया स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, विद्यालय में लगातार कई दिनों से ताला लटका हुआ है, जिसके कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। आरोप है कि शिक्षक विद्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के बाद गायब हो जाते हैं और विद्यालय बंद रहता है।
मामले को लेकर जब संबंधित शिक्षक से पूछताछ की गई तो उन्होंने व्यक्तिगत मामले और क्षेत्र में दहशत के माहौल का हवाला देते हुए ऐसा किए जाने की बात कही।

हालांकि, इस पूरे मामले ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि शिक्षक किसी व्यक्तिगत परेशानी या भय के कारण विद्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं, तो बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि विद्यालय बंद रहने से जिन मासूम बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, उनकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा? क्या उपस्थिति दर्ज कराने के बाद विद्यालय से अनुपस्थित रहना उचित है? क्या विभाग को इसकी जानकारी है?
स्थानीय लोगों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, विद्यालय की नियमित निगरानी करने और दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और कसिया के बच्चों की पढ़ाई दोबारा नियमित रूप से कब शुरू होती है। बच्चों का भविष्य किसी भी परिस्थिति में प्रशासनिक लापरवाही की भेंट नहीं चढ़ना चाहिए।
![]()




