साहिबगंज में पांच देसी कट्टे और पांच कारतूस बरामद, एक गिरफ्तार
साहिबगंज: महादेवगंज मुस्लिम टोला में छापेमारी, पांच देसी कट्टे और पांच कारतूस बरामद

अनिकेत कुमार सोनू की रिपोर्ट,
साहिबगंज:- साहिबगंज में अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुफस्सिल थाना पुलिस ने महादेवगंज मुस्लिम टोला स्थित एक घर से पांच देसी कट्टे और पांच कारतूस बरामद किये हैं। बुधवार रात हुई छापेमारी में पुलिस ने मोहम्मद राजा नामक युवक को गिरफ्तार किया। एक ही घर से पांच हथियार और पांच कारतूस मिलने के बाद पुलिस अब इनके स्रोत और संभावित इस्तेमाल के उद्देश्य की जांच में जुटी है।

गुप्त सूचना पर पुलिस की दबिश,घर से मिले हथियार
जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महादेवगंज मुस्लिम टोला निवासी मोहम्मद राजा के घर में हथियार छिपाकर रखे गये हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अनीश कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार रात संबंधित घर में छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने पांच देसी कट्टे और पांच कारतूस बरामद किये। सभी हथियारों और कारतूसों को जब्त कर लिया गया।
हथियार कहां से आये, किस मकसद से रखे गये थे?
हथियारों की बरामदगी के बाद पुलिस ने मोहम्मद राजा को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गयी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाये गये थे, इन्हें घर में रखने के पीछे क्या उद्देश्य था और इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।
समाचार लिखे जाने तक मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी। पुलिस जांच के बाद ही हथियारों से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।
![]()




