Latehar News
छठ महापर्व को लेकर डीसी संदीप कुमार ने किया घाटों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

लातेहार। आगामी छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को उपायुक्त संदीप कुमार ने लातेहार नगर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गिजनियाटांड़, धर्मपुर, चटनाही एवं करकट छठ घाटों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने छठ घाटों पर साफ-सफाई, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले सभी घाटों पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उपायुक्त ने घाटों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, आवागमन के रास्तों को सुगम बनाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा पर्व के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। सभी संबंधित विभागों को समय रहते तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है, ताकि छठ महापर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन, अंचल अधिकारी नन्द कुमार राम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
![]()



