
संवाददाता: प्रेम कुमार साहू | घाघरा, गुमला
घाघरा। गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नवडीहा पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार की देर रात करीब 11 बजे अज्ञात ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मृतकों की पहचान घाघरा निवासी राज लोहरा और टांगर सिकवार निवासी दुर्गेश ठाकुर के रूप में हुई है। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों युवक स्कूटी से घाघरा की ओर से नवडीहा जा रहे थे। इसी दौरान नवडीहा पेट्रोल पंप के समीप मोड़ पर विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।
छेका कार्यक्रम से पहले दुर्गेश की मौत से परिवार में मातम
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों युवकों की शादी तय हो चुकी थी। दुर्गेश ठाकुर के घर में आगामी 24 अक्टूबर को छेका कार्यक्रम आयोजित होना था। परिवार में इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे की खबर ने खुशियों को मातम में बदल दिया। दोनों युवकों की असमय मौत से परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है।

बॉक्साइट ट्रक होने की आशंका, तेज रफ्तार पर उठे सवाल
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि दुर्घटना में शामिल वाहन बॉक्साइट ट्रक हो सकता है। उनका कहना है कि क्षेत्र में बॉक्साइट ट्रकों का परिचालन तेज रफ्तार से होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। हालांकि, दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि रात के समय कुछ ट्रक चालक नशे की हालत में वाहन चलाते हैं और कई बार खलासियों द्वारा भी ट्रक चलाए जाने की शिकायतें सामने आती हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
दो दिनों में तीन युवकों की मौत से बढ़ी चिंता
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले दो दिनों में सड़क दुर्घटनाओं में तीन युवकों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रहे हादसों से क्षेत्र के लोगों में चिंता और आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि केवल दोपहिया वाहन चालकों की हेलमेट जांच करने से सड़क दुर्घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश नहीं लगाया जा सकता।
उन्होंने बड़े वाहनों की गति पर नियंत्रण रखने, ट्रकों के कागजात और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच करने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
उपायुक्त से नियमित जांच कराने की मांग
बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों ने गुमला के उपायुक्त से बॉक्साइट ट्रकों सहित सभी भारी वाहनों की नियमित जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय विशेष जांच अभियान चलाया जाए और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
![]()




