सावन के अंतिम दिन और रक्षाबंधन पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
देवकी बाबाधाम में सुबह से लगी लंबी कतारें, गूंजा हर-हर महादेव

घाघरा (संवाददाता): सावन के अंतिम दिन और रक्षाबंधन के पावन अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के देवकी बाबाधाम सहित विभिन्न शिवालयों में शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिरों में भगवान शिव के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।

श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव से भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग पर जल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर जलाभिषेक किया तथा अपने परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं और बहनों ने माता पार्वती की विशेष पूजा-अर्चना की। बहनों ने भगवान शिव और माता पार्वती के समक्ष रक्षा सूत्र अर्पित कर अपने भाइयों की लंबी उम्र, सुखी जीवन और हर संकट से रक्षा की प्रार्थना की।

सावन के अंतिम दिन होने के कारण श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिला। देवकी बाबाधाम समेत अन्य शिवालयों में सुबह से ही पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा। मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।
धार्मिक आस्था और भाई-बहन के पवित्र प्रेम का यह पर्व पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के साथ मनाया गया।
![]()





मैं भी इसी तरह का अनुभव करता हूँ। सावन के आखिरी दिन मंदिरों में भक्तों की भीड़ देखकर बहुत अच्छा लगता है, यह त्योहार का अहम हिस्सा है।