लातेहार में जन शिकायत निवारण,सेवानिवृत्त कर्मी की पेंशन के मामले में जांच के निर्देश
लातेहार डीसी संदीप कुमार ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं,संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान का दिया निर्देश

लातेहार संवाददाता। लातेहार के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं बारी-बारी से सुनीं और संबंधित मामलों की जांच कर नियमानुसार जल्द समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
सेवानिवृत्त कर्मी ने लगाई पेंशन भुगतान की गुहार
जन शिकायत निवारण के दौरान लातेहार के माको गांव निवासी राम कृष्णा राम ने पेंशन भुगतान से संबंधित आवेदन सौंपा। उन्होंने बताया कि वह राज्य खाद्य निगम, लातेहार में चालक के पद पर कार्यरत थे और 31 दिसंबर 2010 को सेवा से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके अनुसार, अब तक पेंशन का भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें आजीविका चलाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने उपायुक्त से पेंशन भुगतान सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। इस पर उपायुक्त ने संबंधित मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
शिकायतों के निष्पादन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन शिकायतों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। विभिन्न विभागों से प्राप्त आवेदनों को संबंधित अधिकारियों के पास भेजते हुए उनका भौतिक सत्यापन कराने और समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध निष्पादन प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभागों को गंभीरता से कार्रवाई करनी होगी।
मंगलवार और शुक्रवार को होता है जन शिकायत निवारण
आम लोगों की समस्याओं के समाधान और शिकायतों के निष्पादन के लिए उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर के विभिन्न पदाधिकारियों के कार्यालयों में प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को जन शिकायत निवारण कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य आम लोगों को अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखने और उनका समाधान पाने के लिए सुलभ मंच उपलब्ध कराना है।
![]()





