
घाघरा (संवाददाता):
गांधी जयंती के अवसर पर विकास भारती बिशुनपुर द्वारा घाघरा हाई स्कूल मैदान से चिंगरी स्थित जतरा भगत स्मारक तक 28 किलोमीटर विकास मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस मैराथन में सैकड़ों धावक-धाविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे क्षेत्र में खेल व जागरूकता का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आशा लकड़ा एवं समीर उरांव सहित अन्य अतिथियों ने महापुरुषों के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया। दौड़ घाघरा से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए जतरा भगत स्मारक, चिंगरी में संपन्न हुई।

इस अवसर पर आशा लकड़ा ने कहा कि मैराथन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, स्वास्थ्य और राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की।
वहीं समीर उरांव ने कहा कि गांधी जयंती पर आयोजित यह मैराथन युवाओं को महापुरुषों के आदर्शों से जोड़ने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से युवा अपनी प्रतिभा को निखारकर क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन कर सकते हैं।

मैराथन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिससे पूरे आयोजन में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
![]()




