Pakur:एसडीपीओ के आवास परिसर में निकला विशाल कोबरा, मची अफरातफरी
एसडीपीओ आवास में निकला विशालकाय कोबरा,मची अफरातफरी; रेस्क्यू टीम ने दबोचा

पाकुड़ संवाददाता। महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के आवास परिसर में शनिवार को अचानक विशालकाय जहरीला सांप दिखाई देने से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सांप को देखते ही आवास परिसर में अफरातफरी की स्थिति बन गयी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ ने तत्काल वन विभाग की वन्यजीव रेस्क्यू टीम को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू टीम के सदस्य अशराफुल शेख मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी सावधानी और सतर्कता के साथ सांप को पकड़ने की प्रक्रिया शुरू की। कुछ देर की मशक्कत के बाद विशाल सांप को सुरक्षित तरीके से काबू में ले लिया गया।

जहरीला कोबरा होने से बढ़ी चिंता
आवास परिसर में जिस स्थान पर सांप दिखाई दिया, वहां लोगों की आवाजाही भी थी। सांप के जहरीले होने की जानकारी मिलने के बाद किसी ने उसे पकड़ने या हटाने का जोखिम नहीं उठाया। लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखते हुए वन्यजीव रेस्क्यू टीम को बुलाया गया।
रेस्क्यू टीम के अनुसार पकड़ा गया सांप स्पेक्टेकल्ड कोबरा था, जो विषैले सांपों की प्रजाति में शामिल है। टीम ने विशेष सावधानी बरतते हुए उसे बिना नुकसान पहुंचाये पकड़ लिया।
रेस्क्यू के बाद ली राहत की सांस
सांप के सुरक्षित पकड़े जाने के बाद एसडीपीओ आवास परिसर में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। समय रहते रेस्क्यू अभियान पूरा हो जाने से किसी संभावित अप्रिय घटना को टाल दिया गया।
वन विभाग के निर्देश के अनुसार रेस्क्यू किये गये कोबरा को बाद में सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया। वन्यजीव रेस्क्यू टीम ने लोगों से अपील की कि आवासीय क्षेत्र में जहरीला सांप दिखाई देने पर खुद उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग अथवा प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
![]()





